अन्नदाता की हुंकार: भारतीय किसान संघ के आह्वान पर सनावद में उमड़ा किसानों का सैलाब, 23 सूत्रीय
एमपी का आईना प्रधाक संपादक सज्जाद खान

अन्नदाता की हुंकार: भारतीय किसान संघ के आह्वान पर सनावद में उमड़ा किसानों का सैलाब, 23 सूत्रीय मांगों को लेकर तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन; नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र बिरला ने की जल सेवा



किसान का सम्मान, देश की शान”—इसी प्रेरणा के साथ सनावद तहसील में भारतीय किसान संघ (मालवा प्रांत) के आह्वान पर अन्नदाताओं ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर एक विशाल आमसभा का आयोजन किया. लगभग 100 गांवों से आए हजारों किसानों ने एकजुट होकर अपनी ताकत दिखाई और कृषि उपज मंडी में हुंकार भरते हुए 23 सूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा.
आमसभा में गूंजी किसानों की आवाज, प्रदेशभर के दिग्गज रहे मौजूद:
कृषि उपज मंडी सनावद में आयोजित इस भव्य आमसभा में किसानों ने अपनी आवाज बुलंद की. इस दौरान भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल पाटीदार, प्रदेश उपाध्यक्ष चैतराम सहित कई प्रमुख पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे. किसानों ने एक स्वर में कहा कि यदि समय रहते अन्नदाताओं की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो यह आंदोलन और भी उग्र रूप लेगा.
प्रमुख 23 सूत्रीय मांगें:
तहसीलदार को सौंपे गए ज्ञापन में किसानों ने कई गंभीर और अहम मांगें रखी हैं, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
* अवैध दुकानों पर तुरंत रोक लगाई जाए.
* किसानों को खेती के लिए प्रतिदिन निर्बाध रूप से 12 घंटे बिजली मिले.
* मंडी में कपास की पर्याप्त खरीदी सुनिश्चित की जाए.
* फसल बीमा योजना का लाभ सुचारू रूप से लागू हो.
* सिंचाई के लिए पानी की उचित व्यवस्था की जाए.
* खाद और बीज की समय पर आपूर्ति हो.
* किसानों की फसलों का उचित समर्थन मूल्य (MSP) तय किया जाए.
* आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए.
* नहर और जल संरक्षण योजनाओं का विस्तार हो.
* किसानों का कर्ज माफ करने और प्राकृतिक आपदाओं में हुए नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग.
नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र बिरला ने की जल सेवा, किसानों के पक्ष में की बात:
किसानों के इस विशाल प्रदर्शन के दौरान एक बेहद मानवीय और सुखद दृश्य देखने को मिला। नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र बिरला बस स्टैंड पर पहुंचे और उन्होंने स्वयं अपने हाथों से धूप से परेशान किसानों को ठंडे पानी की बोतलें वितरित कर जल सेवा की.
अध्यक्ष इंद्र बिरला ने किसानों के बीच खुलकर समर्थन जताते हुए कहा कि “किसानों की मांगें पूरी तरह जायज हैं। शासन को जल्द निर्णय लेकर समाधान करना चाहिए, ताकि किसान का हित और प्रदेश की अर्थव्यवस्था दोनों मजबूत हों।” किसानों ने भी इस जनहितैषी पहल और जल सेवा के लिए नगर पालिका अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया. इस आयोजन ने यह साबित कर दिया कि जब अन्नदाता और जनप्रशासन एक सुर में आएं, तो संवाद से बड़े से बड़े मुद्दों का रास्ता साफ हो सकता है.
सनावद
ग्राउंड रिपोर्ट: ऋषि एरन
एमपी का आईना


