इंदौर में भीषण अग्निकांड, कार चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से फटे 4 गैस सिलेंडर, 8 की मौत*
फ़ास्ट न्यूज़ जनता की आवाज़ प्रधान संपादक सज्जाद खान

*इंदौर अग्निकांड अपडेट
*इंदौर में भीषण अग्निकांड, कार चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से फटे 4 गैस सिलेंडर, 8 की मौत*

इंदौरः* मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के तिलक थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। बंगाली चौराहे के पास स्थित प्रीति नगर (छोटा राजवाड़ा क्षेत्र) में बीती देर रात एक रिहायशी मकान में भीषण आग लग गई।
इस अग्निकांड ने देखते ही देखते एक हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया। हादसे में मकान मालिक मनोज पुगलिया समेत परिवार के 8 लोगों की जलकर मौत हो गई है, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है।
*शॉर्ट सर्किट से हुआ गैस सिलेंडर में धमाका*
जानकारी के मुताबिक, हादसा देर रात उस समय हुआ जब घर के बाहर खड़ी एक इलेक्ट्रॉनिक कार को चार्जिंग पर लगाया गया था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ और कार में आग लग गई। डराने वाली बात यह थी कि उस मकान में करीब 15 गैस सिलेंडर रखे हुए थे। कार की आग ने जैसे ही घर को अपनी चपेट में लिया, वहां रखी 4 गैस टंकियों में एक के बाद एक जोरदार धमाके हुए, जिससे पूरा इलाका दहल उठा।
*रिश्तेदारों के घर में होने से बढ़ी मृतकों की संख्या*
बताया जा रहा है कि पुगलिया परिवार में किसी पारिवारिक आयोजन की तैयारी चल रही थी, जिसके चलते कुछ रिश्तेदार भी वहां रुके हुए थे। आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस कमिश्नर और कलेक्टर देर रात से ही भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं। फायर ब्रिगेड की 5 से अधिक गाड़ियों और SDERF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर अब तक 8 शवों को बाहर निकाला है।
*धुएं से फायरकर्मी भी परेशान*
आग लगने के बाद धुआं इतना ज्यादा हो गया था कि अंदर घुसकर लोगों को निकालना बेहद मुश्किल हो गया। कई पुलिसकर्मियों और फायर फाइटर्स को भी धुएं के कारण घुटन और मामूली चोटें आईं। फायर ब्रिगेड ने आग बुझाने के लिए कई गाड़ियों को लगाया और पानी के टैंकरों की लाइन बनाकर लगातार पानी डाला गया। लंबे प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पुलिस का कहना है कि फिलहाल प्राथमिक जांच में इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है।
फ़ास्ट न्यूज़ जनता की आवाज़ प्रधान संपादक सज्जाद खान


