20 वर्ष की उम्र में बाग प्रिंट के युवा शिल्पकार अबरार खत्री को मिला राष्ट्रीय कमलादेवी पुरस्कार 2026
एमपी का आईना प्रधान संपादक सज्जाद खान

20 वर्ष की उम्र में बाग प्रिंट के युवा शिल्पकार अबरार खत्री को मिला राष्ट्रीय कमलादेवी पुरस्कार 2026
मध्य प्रदेश से एकमात्र चयनित शिल्पकार, बाग प्रिंट को राष्ट्रीय स्तर पर दिलाई नई पहचान
एमपी का आईना प्रधान संपादक सज्जाद खान

मध्य प्रदेश के धार जिले के बाग निवासी युवा शिल्पकार एवं बाग प्रिंट कारीगर अबरार खत्री को दिल्ली क्राफ्ट काउंसिल द्वारा प्रतिष्ठित राष्ट्रीय कमलादेवी पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित सम्मान समारोह में प्रसिद्ध आर्किटेक्ट एवं अर्बन डिजाइनर के.टी. रवींद्रन ने उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया।
इस वर्ष देशभर से कुल पांच शिल्पकारों को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिनमें मध्य प्रदेश से अबरार खत्री एकमात्र चयनित शिल्पकार रहे। विशेष उपलब्धि यह है कि मात्र 20 वर्ष की उम्र में यह सम्मान प्राप्त करने वाले अबरार बाग प्रिंट हस्तशिल्प परंपरा से यह राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल करने वाले पहले कारीगर बने हैं।
अबरार खत्री अपने परिवार की पीढ़ियों से चली आ रही पारंपरिक बाग हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग कला को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने इस कला का प्रशिक्षण अपने पिता मोहम्मद यूनुस खत्री से प्राप्त किया है। बाग प्रिंट मध्य प्रदेश के धार जिले के बाग क्षेत्र की विश्वप्रसिद्ध पारंपरिक हस्तकला है, जिसमें लकड़ी के हाथ से बने ब्लॉकों और प्राकृतिक रंगों के माध्यम से कपड़ों पर आकर्षक छपाई की जाती है।
कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह उपलब्धि न केवल अबरार खत्री के लिए गौरव की बात है, बल्कि मध्य प्रदेश की पारंपरिक हस्तकला और बाग प्रिंट से जुड़े कारीगरों के लिए भी एक बड़ी प्रेरणा है। इस सम्मान से बाग प्रिंट की समृद्ध विरासत को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिली है।




