अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर कुक्षी के आंगनवाड़ी केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*
एमपी का आईना प्रधान संपादक सज्जाद खान

*अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर कुक्षी के आंगनवाड़ी केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*

बाल विवाह रोकने, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और बालिकाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता का दिया संदेश*
कुक्षी। एकीकृत महिला एवं बाल विकास परियोजना कुक्षी के अंतर्गत नगर के वार्ड क्रमांक 09, बयड़ीफलिया स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम धार जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री रामनिवास बुधोलिया के निर्देशन एवं कुक्षी की प्रभारी परियोजना अधिकारी सुश्री मंजुला बघेल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरी बालिकाओं को उनके अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर बालिकाओं को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान को बढ़ावा देने तथा भ्रूण हत्या जैसी गंभीर सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में बेटा-बेटी के बीच भेदभाव समाप्त करने और बालिकाओं को समान अवसर प्रदान करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने, उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बालिकाएं समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्हें शिक्षा, सम्मान और समान अवसर प्रदान कर ही एक सशक्त एवं जागरूक समाज का निर्माण किया जा सकता है।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती भागवंती काग, आंगनवाड़ी सहायिका सुशीला मेड़ा तथा किशोरी बालिकाएं रिया मवडा, अंजलि डावर, रानी वास्केल, हिना सिगोड़ सहित अन्य उपस्थित रहीं।
*संदेश: “बेटी है तो भविष्य है, बेटी को शिक्षित करें, सुरक्षित रखें और समान अवसर देकर सशक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनें*
एमपी का आईना प्रधान संपादक सज्जाद खान



