
करंट, बिजली कर्मी की मौत:मेंटेनेंस के दौरान हादसा, अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग

सुसारी में विधुत करंट लगने से विधुत कर्मी की मौत सामाजिक संगठनों का जिम्मेदारों पर कार्यवाही की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी
कुक्षी तहसील के ग्राम सुसारी में 33केवी बिजली सबस्टेशन पर मेंटेनेंस कार्य के दौरान एक विद्युतकर्मी की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान राहुल पिता महेश बामनिया (29 वर्ष) निवासी सुसारी के रूप में हुई है, जो लंबे समय से विद्युत विभाग में आउटसोर्स कर्मचारी के तौर पर कार्यरत था।
विद्युत विभाग ने शनिवार को ही 33 केवी सबस्टेशन सुसारी पर मेंटेनेंस कार्य के लिए कुक्षी शहर में सुबह 7:00 से 11:00 बजे तक विद्युत आपूर्ति बंद रहने की सूचना सोशल मीडिया पर जारी की थी। इसके बावजूद, रविवार सुबह 8:15 बजे जब राहुल ट्रांसफार्मर पर चढ़ा, उसे करंट लग गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद सुसारी के लोग आक्रोशित हो गए। जयस संगठन के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रविराज बघेल और अंतिम मुझालदा सहित अन्य सदस्य कुक्षी थाने पहुंचे। उन्होंने मेंटेनेंस कार्य के दौरान बिजली आपूर्ति चालू रहने को गंभीर लापरवाही बताते हुए विद्युत वितरण कंपनी के डीई को बुलाने की मांग की।
संगठन के पदाधिकारियों और परिजनों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों और आउटसोर्स कंपनी के ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज करने की बात कही है। रविराज बघेल ने डीई और जेई को बर्खास्त करने, उनके विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने, मृतक परिवार को आर्थिक सहायता और परिवार के सदस्य को नौकरी देने की मांग की है।
फास्ट न्यूज़ जनता की आवाज़ प्रधान संपादक सज्जाद खान,
फिलहाल, मृतक का शव कुक्षी सिविल अस्पताल में है और पोस्टमार्टम नहीं हुआ है। आक्रोशित लोग विद्युत अधिकारियों से बात करना चाहते हैं, लेकिन विद्युत विभाग का कोई अधिकारी अभी तक अस्पताल नहीं पहुंचा है।



