
कुक्षी सहित प्रदेश के लाखों स्कूली बच्चों को गणवेश के लिए मिलेंगे ₹600*

मप्र की भाजपा कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब बैंक खातों में DBT से पहुंचेगी राशि*
एमपी का आईना
कुक्षी मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 1 से 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए गणवेश को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लगभग 58 लाख विद्यार्थियों को दो जोड़ी गणवेश के लिए प्रति विद्यार्थी ₹600 की राशि सीधे बैंक खाते में DBT के माध्यम से देने की मंजूरी दी गई है।
सरकार के इस फैसले से कुक्षी क्षेत्र सहित प्रदेशभर के सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों और उनके अभिभावकों को राहत मिलने की उम्मीद है। गणवेश की राशि सीधे खाते में पहुंचने से अभिभावक बच्चों की आवश्यकतानुसार गणवेश की व्यवस्था कर सकेंगे।
इस योजना के तहत सरकार पर करीब ₹348 करोड़ का वित्तीय भार आएगा। गणवेश वितरण की प्रक्रिया में देरी के बाद सरकार द्वारा DBT के माध्यम से राशि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।
कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब शिक्षा विभाग की ओर से आगामी प्रक्रिया और राशि हस्तांतरण को लेकर निर्देश जारी किए जाने की उम्मीद है। इसके बाद पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में राशि पहुंचाई जाएगी।




